सीबीगंज। खाली जमीन पर निर्माण के दौरान सरायतल्फी गांव में दो पक्षों में बवाल हो गया। जमकर पथराव हुआ। लाठी-डंडे भी चले। इसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
सीबीगंज के गांव सरायतल्फी में कुछ जमीन खाली पड़ी है। गांव के ही धर्मेंद्र उर्फ राजू बुधवार को अपराह्न करीब चार बजे वहां भवन निर्माण के लिए नींव भरवा रहे थे। गांव के ही जगमोहन उर्फ जावर सिंह ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि इस जगह से होकर उन लोगों का रास्ता है, लिहाजा निर्माण न करा जाए। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया। इसमें धर्मेंद्र उर्फ राजू, अनिल कुमार, धर्मेंद्र की पत्नी, मां और भतीजा तथा जगमोहन उर्फ जावर सिंह आदि घायल हो गए। इसी बीच गांव वालों ने यूपी-112 को सूचना दे दी तो कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। मगर देर रात तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी थी।