बरेली। सिटी श्मशान भूमि क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण के दौरान रेलवे की लापरवाही के चलते तीन महीने पहले ही पांच करोड़ रुपये से बनी सड़क धंस गई। यहां हादसे की आशंका बनी हुई है। मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर से नाराजगी जताई।
चौपुला पुल से किला जाने वाला सिटी स्टेशन मार्ग शहर की लाइफलाइन माना जाता है। लंबे समय से जर्जर हालत में रही, इस सड़क को सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी को नगर निगम ने पांच करोड़ रुपये का बजट दिया था। इसी राशि से करीब तीन महीने पहले 1200 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया था।
इसी मार्ग पर स्थित सिटी श्मशान भूमि रेलवे क्रॉसिंग पर पिछले पांच महीनों से अंडरपास बनाने का काम चल रहा है। बृहस्पतिवार को जब पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह निरीक्षण के लिए निकले, तो उनकी नजर रेलवे की इस लापरवाही पर पड़ी।
उन्होंने देखा कि खोदाई के कारण सड़क धंस गई है। रेलवे को अपनी जमीन पर ही काम कराना था। काम की जद में सड़क को भी ले लिया गया। इससे यहा गहरा गड्ढा भी बन गया है। मौके पर मौजूद रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर से जब इस बारे में जवाब तलब किया गया, तो उन्होंने काम पूरा होने के बाद मरम्मत कराने का तर्क दिया। इसको लेकर अधिशासी अभियंता ने नाराजगी जताई है।