बरेली। पुरानी रंजिश को लेकर बहन को ब्यूटी पार्लर का सामान देने गए छात्र सैनिक कॉलोनी निवासी अंकित शेखर को कुछ लोगों ने घेर लिया। फिर कहासुनी के दौरान उनके पेट में गोली मारकर भाग निकले। अंकित को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
इज्जतनगर की सैनिक कॉलोनी की गली नंबर तीन में रहने वाले 21 वर्षीय अंकित शेखर बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उनके भाई राहुल ने बताया कि उनकी बहन नीलम ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। बृहस्पतिवार को नीलम इंदिरानगर में किसी व्यक्ति के घर ब्यूटी पार्लर के काम से गई थीं। कुछ सामान की जरूरत पड़ने पर उन्होंने फोन करके अंकित को वहां बुलाया था। शाम को अंकित अपने दोस्त के साथ वहां से लौट रहा था।
शील चौराहा के पास कुछ लोगों ने अंकित को घेरकर उनकी बाइक रुकवा ली। फिर कहासुनी होने लगी और इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर अंकित के पेट में गोली मार दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। अंकित के दोस्त की सूचना पर वे लोग मौके पर पहुंचे और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना पर प्रेमनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी लेकर दो लोगों को हिरासत में लिया है। राहुल ने बताया कि 27 मई 2021 को कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी। इस मामले में उनकी मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने उसी रंजिश में अंकित को गोली मारने की आशंका जताई है। हालांकि अभी उन लोगों ने तहरीर नहीं दी है।