फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव माधौपुर में मंगलवार देर रात शराब के नशे में धुत दो समुदाय के जुआरियों के बीच जुआ खेलने को लेकर लाठी, डंडे, ईंट और पत्थर चले। इसमें दोनों तरफ से दो लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। एहतियातन एक दरोगा और दो सिपाही गांव में तैनात कर दिए गए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार के मुताबिक गांव माधौपुर के बाहर पश्चिम दिशा में खेतों में शराब के नशे में धुत दोनों समुदाय के लोग जुआ खेल रहे थे। रुपये हारने-जीतने को लेकर सिकंदर और ओमपाल के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। मौजूद लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। इससे दोनों अपने-अपने घर चले गए। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष गांव में फिर आमने-सामने आ गए। एक दूसरे पर गाली-गलौज करने लगे, फिर दोनों तरफ से कई लोग आ गए। इससे दोनों दो समुदाय के लोगों में हाथापाई हो गई। इसके बाद लाठी, डंडे, ईंट, पत्थर चलने शुरू हो गए।
दोनों पक्षों की शिकायत पर आई पुलिस ने घायल ओमपाल और सिकंदर को मेडिकल के लिए भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शराबी-जुआरियों के बीच जुआ खेलने को लेकर विवाद हो गया था। मामले की जांच करने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद