बरेली। मौसम ने शनिवार को फिर करवट बदली। घने बादल घिरे और तेज हवा के साथ रिमझिम बूंदें पड़ीं। इससे तापमान में गिरावट हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी तेज हवा के साथ बादल मंडराने का अनुमान जताया है। 24 मार्च से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
शनिवार सुबह धूप के साथ हुई। अपराह्न तीन बजे से हल्के बादल मंडराने लगे। घंटेभर बाद तेज हवा चलने लगी। शाम पांच बजे कुछ देर तक बारिश हुई। इससे नमी बढ़ी और हवा ने हल्की ठंड का अहसास कराया। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने से पहाड़ों की हवा के साथ बादलों ने तेजी से प्रवेश किया। इसलिए अनुकूल माहौल बना और बूंदाबांदी हुई। इससे गेहूं, सरसों की फसल गिरने की आशंका है। रविवार शाम से हवा की दिशा बदल सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 31.3 डिग्री और न्यूनतम दो डिग्री कम 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 72 फीसदी रहा।
बच्चे, बुजुर्गों का रखें ध्यान, हल्के गर्म कपड़े पहनें
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सतीश चंद्रा ने बताया कि रिमझिम बारिश के बाद अब तापमान में गिरावट होगी। दिन में धूप निकलने पर पारा चढ़ेगा। ऐसी स्थिति में लोग सर्दी, खांसी, बुखार आदि से ग्रसित हो सकते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को हल्के गर्म कपड़े पहनने चाहिए, क्योंकि रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से उनके बीमार होने की आशंका ज्यादा रहती है। पौष्टिक आहार लें। बीमार होने पर डॉक्टर से परामर्श जरूर लें। ब्यूरो