आंवला। टैंकर चालकों और परिचालकों ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) डिपो के बाहर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने डिपो प्रबंधन पर अभद्रता समेत अन्य आरोप लगाए। इस हड़ताल के कारण बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत और बदायूं में तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदर्शन करने वालों ने आरोप लगाया कि डिपो में तैनात सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारी नियमों का हवाला देकर परेशान करते हैं। परिचालकों के मेडिकल, बीमा और पुलिस सत्यापन आदि दस्तावेजों को तुरंत दिखाने की मांग की जाती है। चालकों-परिचालकों को आराम करने के लिए बने रेस्ट रूम को मार्च से बंद कर दिया गया है।
पेट्रोलियम टैंकर्स ड्राइवर्स एवं कंडक्टर्स यूनियन के प्रदेश महासचिव गजेंद्र सिंह ने बताया कि पेट्रोल टैंकरों में वेल्डिंग का दबाव बनाया जाता है। चालकों के मुताबिक, डीजल खाली करने और पानी भरने के बाद ही वेल्डिंग संभव है। लापरवाही के कारण पिछले साल टैंकर में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी। इस दौरान नितिन सोनकर, विजय कुमा, छत्रपाल आदि मौजूद रहे। इस बाबत डिपो प्रबंधक राहुल रंजन से संपर्क करने का प्रयास किया। उन्होंने कुछ बताने से इन्कार कर दिया। चालकों-परिचालकों ने टैंकर खड़े कर दिए हैं। उनकी हड़ताल जारी है।