बरेली। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक डॉक्टर पति और उसके परिजनों ने अपनी पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया। पीड़िता को जहरीले इंजेक्शन और दवाएं भी दी गईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भरतौल निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उन्होंने छह साल पहले अपनी बेटी सलोनी का विवाह शाहजहांपुर के कलान निवासी डॉक्टर रामगोपाल से किया था। विवाह के बाद रामगोपाल, उसके पिता, मां, देवर, जेठ और ननद दहेज की मांग करने लगे। दहेज न देने पर रामगोपाल ने सलोनी को नशीले इंजेक्शन और दवाएं देना शुरू कर दिया।
21 सितंबर को रामगोपाल ने परिजनों के साथ मिलकर सलोनी के बाल काटे और उसे छत से नीचे फेंक दिया। सलोनी के ससुर तेजपाल ने उसके सिर पर तमंचे की बट से भी वार किया था। सलोनी ने फोन पर अपने पिता संतोष को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद संतोष ने बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कैंट थाने में संतोष की शिकायत पर डॉक्टर रामगोपाल और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम का कहना है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।