शहामतगंज फ्लाईओवर पर विकास भवन की ओर से शुक्रवार को सड़क डालनी शुरू कर दी गई। एक छोर की आधी सड़क शाम तक तकरीबन बन गई तो इस इलाके के शरारती बाइकर्स को उस पर करतब दिखाने की सूझी। फिलहाल तो वहां तैनात स्टाफ ने उन्हें रोक दिया, मगर दिन में शरारत रोकने को बैरियर लगाने होंगे। दरअसल अभी विकास भवन से शहामतगंज चौराहे तक आधी सड़क बनी है। उसके आगे बारादरी थाने वाले छोर पर अभी पुल के जोड़ लगने बाकी हैं। अभी मौजूद बड़ी दरार बाइकर्स के लिए खतरनाक हो सकती हैं। अफसर तो लोगों को रोक ही रहे हैं, शहरवासियों को खुद भी इस खतरे के प्रति सचेत रहना होगा।
फ्लाईओवर पर फर्राटा भरवाने के लिए सेतु निगम अफसरों ने कमर कस ली है। लगातार निगरानी कर रहे वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि 30 दिसंबर से पहले ही पुल वाहन दौड़ाने की स्थिति में आ जाएगा। प्रोजेक्ट में तेजी लाने में जुटे सेतु निगम प्रोजेक्ट मैनेजर एसके गर्ग शुक्रवार सुबह से ही अपने जेई सुनील गिरि को सड़क बिछवाने के लिए लगा दिया था। दोपहर करीब 12 बजे सड़क बनना शुरू हुई और गर्ग ने इसकी जानकारी वरिष्ठों को दे दी। गर्ग ने कहा है कि मौसम अनुकूल रहने पर सड़क कार्य सप्ताह भर में पूरा हो जाएगा। तीन स्थानों पर ज्वाइंट भरे जा रहेे हैं।
व्यूकटर के लिए बजट नहीं मिला
फ्लाईओवर के दोनों ओर व्यूकटर लगाए जाने हैं। निगम ने इसके लिए अस्सी लाख रुपये का प्रस्ताव दिया है। अभी तक मुख्यालय ने इसे स्वीकृत नहीं किया है। पिछले दिनों प्रोजेक्ट निरीक्षण पहुंचे डीएम आर. विक्रम सिंह ने कहा था कि इसका बजट दिला दिया जाएगा, लेकिन अभी तक धनराशि स्वीकृति पत्र नहीं मिलने से यह कार्य रुक सकता है। जबकि निगम अफसरों ने बताया कि इससे निर्माण प्रभावित नहीं होगा और समय पर प्रोजेक्ट सौंपे देंगे।