पेट्रोल पंपों पर डीएम का छापामारी का आदेश अधीनस्थों ने ही लीक कर दिया। टीम छापे को पहुंची तो पंप पर सब कुछ ठीक मिला। आईओसी के सेल्स आफीसर भी पेट्रोल पंप पर पहुंच गए, उन्होंने प्रयास किया कि नमूना न भरा जाए। इधर उधर के तर्क भी दिए लेकिन नहीं चल पाए। डीजल का नमूना तो ले लिया लेकिन डीजल की माप सही करा दी। अफसर पहले नरियावल के पास पेट्रोल पंप पर छापेमारी को पहुंचे लेकिन डीएम ने हड़काया कहा कि शहर के अंदर के पंपों पर छापेमारी की जाए। देर शाम डीएसओ केएल तिवारी ने दो पंपों पर घटतौली न मिलने पर आश्चर्य जताने के साथ-साथ अपनी ओर से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है।
जिले भर की पेट्रोल पंपों पर दस प्रतिशत तक घटतौली और डीजल में केरोसिन मिलावट की लगातार शिकायत मिल रही है। डीएम के आदेश पर सोमवार दोपहर डीएसओ केएल तिवारी ने बाट माप विभाग के निरीक्षक पवन तिवारी को साथ लेकर मिनी बाईपास स्थित आईओसी के सिद्ध बाबा फिलिंग स्टेशन पर छापा मारा। यहां के संचालक और कंपनी से सेल्स अफसर शमशुल जोहा प्रशासन की टीम से भिड़ गए। जहां नमूने लेने पर एतराज किया। ज्यादा सख्ती दिखाई तो डीजल - पेट्रोल के नमूने भरे जा सके। इसी रोड पर बीपीसी के बालाजी आटो फिलिंग से भी डीजल और पेट्रोल के नमूने भरे गए।
यहां तो पहले भी पकड़ी है मिलावट
मिनी बाईपास स्थित आईओसी पंप कुछ वर्ष पहले मिलावट में बंद हो चुका है। इस पंप से एक ग्राहक ने अपनी नयी होंडा सिटी कार में पेट्रोल भरवाया था, मिलावट होने से कार्र इंजन सीज हो गया था। कार एजेंसी से मिली जांच रिपोर्ट पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की थी, इस पर एक माह तक पंप बंद रहा।