बरेली। बिथरी चैनपुर की सात ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए दी गई एक करोड़ रुपये की धनराशि का गबन करने के मामले में अब डीएम के स्तर से अंतिम जांच कराई जाएगी। इन ग्राम पंचायतों में पिछले वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की भी जांच की जाएगी।
चार साल पहले दमखोदा और भुता ब्लाक में भी लाखों का घोटाला हुआ था। उस दौरान कई अधिकारी सस्पेंड किए गए थे। एक अधिकारी को जेल भी जाना पड़ा था। कहा जा रहा है कि सात ग्राम पंचायतों में एक करोड़ के गबन का तरीका भी दमखोदा और भुता ब्लॉक की तरह ही है। इस प्रकरण में डीपीआरओ कार्यालय ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानों को नोटिस भिजवाए हैं। वहां से जवाब आने के बाद डीएम की ओर से मामले की अंतिम जांच रिपोर्ट तैयार होगी, जिसके लिए कमेटी बनेगी।
बताया जा रहा है कि इसी जांच में सभी की कलई खुलेगी। जो-जो लोग इसमें शामिल होंगे, गड़बड़ी उन पर कार्रवाई होगी। एक अधिकारी ने बताया कि मॉनिटरिंग करने वाले जिम्मेदारों की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। मॉनिटरिंग में अगर ढिलाई न की जाती तो इतना बड़ा गबन नहीं हो पाता।