फालिज से आधा धड़ था बेकार, बंद मुर्गी फार्म में मिला शव
बरेली। जिले में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब शहर में एक दिव्यांग की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव एक मुर्गी फार्म में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर पैतृक गांव जैतीपुर (शाहजहांपुर) चले गए।
शाहजहांपुर के कस्बा जैतीपुर निवासी 45 वर्षीय रामकुमार उर्फ राजेश सुभाषनगर के सिठौरा गांव में रहते थे। कई साल पहले राजेश के आधे शरीर पर फालिज गिर गई थी। इसके बाद से वह हिस्सा बेकार हो गया था। बुधवार रात आठ बजे पड़ोसियों ने राजेश को गन्ने के सहारे घर से निकलते देखा था। गुरुवार सुबह किसी ने सूचना दी कि पड़ोस के बंद पड़े मुर्गी फार्म में उनका शव पड़ा है। इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र जोशी ने मुआयना किया। शव औंधे मुंह पड़ा था। नाक से खून निकल रहा था। खबर मिलने पर राजेश की बहनें भी आ गईं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। सिर के पीछे चोट थी। परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए शव को जैतीपुर ले गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्या की कोई ठोस वजह अभी तक सामने नहीं आई है। परिवार ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। आसपास के लोगों में चर्चा थी कि किसी करीबी ने मकान के लालच में हत्या की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाश रही है।