बरेली। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 60वीं उत्तर प्रदेश राज्य क्रॉस कंट्री एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन चार जनवरी 2026 से झांसी में किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए।
जिला एथलेटिक्स संघ, बरेली के सचिव गजेंद्र तोमर ने बताया कि चयन प्रक्रिया विभिन्न आयु वर्गों में संपन्न कराई गई। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बरेली का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंडर-16 बालक वर्ग में अभिषेक राजपूत, अंशु और मुनाजिर का चयन किया गया है। वहीं, बालिका वर्ग में मुस्कान यादव को टीम में शामिल किया गया।
अंडर-18 के बालक वर्ग से मो. यूसुफ, अमन पटेल और शशिकांत का चयन हुआ है। अंडर-18 के ही बालिका वर्ग में प्रतीक्षा, अंडर-20 बालक वर्ग में सोहित सेन और रोहित भदौरिया ने टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। ओपन बालिका वर्ग में शिवानी ने अपनी जगह पक्की की है।
चयन प्रक्रिया में अजय कश्यप, पुष्पेंद्र सिंह, पंकज कुमार, राम अवतार सिंह और राजू की अहम भूमिका रही। आरएसओ चंचल मिश्रा ने चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। संवाद