परतापुर जीवन सहाय में घायल सगीर खान।
बरेली। बच्चों के विवाद में परतापुर जीवन सहाय में विवाद हो गया। शमशाद खां, उसके भाई मो. आमिर, मिसरयार खां और अख्तयार खां ने पड़ोस में रहने वाले रसीद खां और उनके भतीजे हामिद व सगीर पर हमला कर घायल कर दिया। चारों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इज्जतनगर के गांव परतापुर जीवन सहाय में रहने वाले रहीस खां ने बताया कि सोमवार को उनके घर कुछ महमान आए थे। उनका चचेरा भाई 13 वर्षीय समीर उन लोगों की कार खड़ी कराने गया तो पड़ोसी शमशाद और अख्तयार खां के चार बच्चों ने विरोध करते हुए उससे मारपीट की। उस समय उनके पिता रसीद खां पास ही स्थित अपनी आटा चक्की पर मौजूद थे तो उन्होंने बच्चों को डांटकर झगड़ा शांत करा दिया। बच्चों ने यह बात जाकर अपने घर में बताई तो सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे शमशाद खां, उसका भाई मो. आमिर, मिसरयार खां और अख्तयार खां लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उनकी चक्की पर पहुंच गए।
आरोपियों ने वहां बैठे रसीद खां को चक्की से बाहर खींचकर उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनके चचेरे भाई हमीद और सगीर वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर लहूलुहान कर दिया। वहां भीड़ जुटने लगी तो आरोपी भाग निकले। परिजन ने उन लोगों को लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हामिद को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। रहीस खां ने बताया कि उनके पिता रसीद खां के सिर में छह टांके आए हैं और जबड़ा में भी फ्रैक्चर हुआ है। इस मामले में रसीद की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
परतापुर जीवन सहाय में घायल चक्की मालिक रसीद खान