140 संदिग्धों की जांच, 16 मलेरिया की चपेट में
जिले में मलेरिया का हमला तेज हो गया है। रविवार को जिले के 71 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में 4,260 मरीज पहुंचे। इसमें मलेरिया संदिग्ध 140 मरीजों की जांच की गई। 16 में मलेरिया की पुष्टि हुई। पेट व त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की तादाद ज्यादा रही। 121 लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी जारी किए गए। 27 लोगों की हेपेटाइटिस की जांच और 57 का नेत्र परीक्षण किया गया। बुखार के 269 मरीज पहुंचे।
626 मरीज त्वचा रोगों से पीड़ित रहे। मलेरिया के मामले में जिला पहले से हाई रिस्क श्रेणी में शामिल है। ऐसे में अलर्ट जारी कर मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट को लगाया गया है। संवेदनशील गांवों में नियमित स्क्रीनिंग कराने का निर्णय लिया गया है। सर्विलांस अधिकारी डॉ. अखिलेश्वर सिंह के अनुसार टीमें काम कर रही हैं। रोकथाम के सभी उपाय किए जा रहे हैं।