बहेड़ी। एक दशक चले विवाद के बाद धोबी तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। नगर पालिका 55 लाख रुपये के बजट से इस तालाब को हाईटेक पार्क में बदलेगी।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी शशि प्रभा चौधरी तालाब पर अतिक्रमण का विरोध किया था। ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर ने तालाब की जमीन का बंटवारा कराया। इसके बाद नगर पालिका को तालाब के सौंदर्यीकरण का निर्देश दिया। अधिशासी अधिकारी ने जेई जितेंद्र गंगवार और नगर लेखपाल हिमांशु गौड़ के साथ तालाब का मुआयना किया। उन्होंने साफ-सफाई और चारदीवारी बनवाने का काम शुरू कराया। इसका बजट डेढ़-दो माह पहले ही नगर पालिका बोर्ड ने पास किया है।
हाईटेक पार्क की विशेषताएं
हाईटेक पार्क में मनोरंजन की सुविधाएं होंगी। शुद्ध पेयजल होगा, बच्चों के लिए झूले लगेंगे और रंगीन लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए फेंसिंग और चारों तरफ रोशनी कराई जाएगी। बुजुर्गों के टहलने के लिए अलग फुटपाथ बनेगा और वॉल पेंटिंग राजस्थान शैली में होगी। तत्कालीन एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने भी इस स्थान पर हाईटेक पार्क बनाने का प्रस्ताव दिया था।
वर्जन,
धोबी तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू करा दिया गया है। बहुत जल्द लोग यहां घूमने के लिए आएंगे। इस कायाकल्प में 55 लाख रुपये की लागत आएगी। - शशि प्रभा चौधरी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका बहेड़ी