बरेली। डीजी इंफ्रा ग्रुप की ओर से श्रीराम मूर्ति स्मारक क्रिकेट मैदान पर आयोजित बरेली कॉरपोरेट लीग में बुधवार को हुए मुकाबलों में डीजी इंफ्रा और जारिया कलेक्शन की टीमों ने जीत दर्ज की। इसमें पहला मुकाबला एक्सप्लोर इलेवन व डीजी इंफ्रा के मध्य खेला गया। मैच में डीजी इंफ्रा छह विकेट से विजेता बनी। बृहस्पतिवार को पहला मैच गंगा पॉली कैब व इलाइट इलेवन के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच डीजी इंफ्रा व प्रो स्ट्राइकर्स के बीच होगा।
डीजी इंफ्रा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। एक्सप्लोर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 151 रन बनाए। रजत बघेल ने 35 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया। डीजी इंफ्रा की ओर से फहीम निजामी, शुभम व आदित्य मूर्ति ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजी इंफ्रा की टीम ने 18.4 ओवर में 154 रन बनाकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। अंकित सिंह ने 18 गेंदों पर 46 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। आदित्य मूर्ति ने 21 गेंदों पर 28 रन बनाए। एक्सप्लोर इलेवन की ओर से रविंद्र सिंह ने दो विकेट लिए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए डीजी इंफ्रा के आदित्य मूर्ति को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा मैच जारिया कलेक्शन व आरसीसी के बीच हुआ। इसमें जारिया कलेक्शन ने 30 रनों से मैच जीत लिया। जारिया कलेक्शन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 200 रन बनाए। मैच में नासिर रजा ने 24 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया। हेमंत बिष्ट ने 19 गेंदों में 38 रन बनाए। आरसीसी की ओर से आसिफ रजा व हारिस खान ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीसी की टीम 170 रन पर सिमट गई। आसिफ ने 16 गेंदों पर 33 रन बनाए। जारिया कलेक्शन के नासिर, अकील व यामीन ने दो-दो विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नासिर रजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति, अशफाक चिस्ती, शशांक रस्तोगी, रियाज अफरीदी, शुभम कौशिक, अतुल यादव, जहीर उद्दीन आदि उपस्थित रहे। मैच के अंपायर संदीप पाल व पिंटू सिंह रहे। स्कोरिंग अनूप गुप्ता ने की। बृहस्पतिवार को पहला मैच गंगा पॉली कैब व इलाइट इलेवन के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच डीजी इंफ्रा व प्रो स्ट्राइकर्स के बीच होगा। संवाद