रविवार को गार्डर रखे जाने की उम्मीद, रेलवे ले सकता है मेगा ब्लॉक
बरेली। आईवीआरआई फ्लाईओवर के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। गार्डर रखने के लिए चार सौ टन वजन उठाने वाली एक क्रेन यहां पहुंच गई है। सपोर्टिंग के लिए एक क्रेन और आएगी। क्रेन अगर पहुंच जाती है तो रविवार को गार्डर रखने के लिए रेलवे ट्रेनों का मेगा ब्लॉक भी ले सकता है। अगर मेगा ब्लॉक लिया गया तो काम चालू रहने तक सिटी स्टेशन से टनकपुर और लालकुंआ जाने वाली ट्रेनें का संचालन रद्द रहेगा।
आईवीआरआई फ्लाईओवर पर चार सौ टन वजन उठाने वाली एक क्रेन पहुंच गई है। एक और क्रेन भी रात तक पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद मेगा ब्लॉक लेकर गार्डर रखे जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि क्रेन का किराया ज्यादा होने के कारण रविवार को ही गार्डर रखे जा सकते हैं, जिसके चलते रविवार को दिन भर के लिए मेगा ब्लॉक संभव है।
गौरतलब है कि डेढ़ साल से रेलवे की सुस्ती की वजह से फ्लाईओवर का निर्माण शुरू नहीं हो रहा था। नवंबर में प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर को जल्द चालू करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद रेलवे के अधिकारी भी हरकत में आए और दिसंबर के अंत तक ट्रैफिक चालू करने का आश्वासन दिया, लेकिन क्रेन न मिलने की वजह से काम शुरू नहीं हो सका। इज्ज्तनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि सपोर्टिंग क्रेन जल्द आने की संभावना है, जिसके बाद मेगा ब्लॉक लेकर गार्डर रखे जाएंगे।