बरेली। पॉवर कारपोरेशन ने सेटेलाइट फ्लाईओवर के निर्माण में बाधा बन रहीं लाइनों की शिफ्टिंग का काम पूरा करने बाद सर्विस लेन के बीचोबीच लगे खंभे को भी हटा दिया है। यह खंभा यातायात में बाधक होने के साथ ही हादसों की वजह भी बन गया था। इसे हटाने के लिए लंबे समय से पत्राचार हो रहा था।
पिछले दिनों नोडल अधिकारी नवनीत सहगल को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में पता चला कि सेटेलाइट फ्लाईओवर के निर्माण और यातायात में बिजली की लाइनें और खंभा बाधक बने हुए हैं। एक खंभा तो सर्विस लेन के बीच में आ गया है, इससे बचने के लिए रिफलेक्टर आदि लगाए हैं। इसके बावजूद दुघर्टनाएं हो रही हैं। सहगल ने संबंधित विभागों से जानकारी मांगी तो पता चला कि सेतु निगम और बिजली विभाग में पत्राचार हो रहा है। दोनों विभागों को सड़क पर हो रही दुघर्टना से कोई लेना देना नहीं है। सहगल ने नाराजगी तो दोनों विभागों के अफसरों ने समन्वय बैठक कर लाइनें शिफ्टिंग पर सहमति बनाई। इसके तहत विभागीय अफसरों ने चार दिन पहले काम शुरू कराया। सोमवार शाम को काम पूरा हो गया। बीच सड़क पर लगा खंभा हटने से यातायात भी सुगम हो गया है। इधर, चार दिनों तक चले शिफ्टिंग कार्य की वजह से रामवाटिका, सिंधु नगर समेत कई इलाकों की बिजली सप्लाई प्रभावित रही।