दिल्ली की रहने वाली 19 साल की मुस्कान ने बरेली में रविवार शाम धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही उसने प्रेमी कमल किशोर के साथ शादी कर ली। पंडित केके शंखधार ने अगस्त मुनि आश्रम मंदिर में दोनों की हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई।
दिल्ली के संगम विहार की रहने वाली मुस्कान सैफी का कहना है कि उनकी दोस्ती छह माह पहले इंस्टाग्राम पर इज्जतनगर के कमल किशोर से हुई थी। कमल भी दिल्ली में रहकर एक फैक्टरी में काम करता है। इसी फैक्टरी में मुस्कान भी काम करती है। यहीं दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। मुस्कान 10वीं तक पढ़ी है। उसके पिता का नाम विजेंद्र है, जबकि उनकी मां मुस्लिम हैं। इन दोनों ने भी प्रेम विवाह किया था। विजेंद्र ने 20 साल पहले शादी करने के लिए धर्म परिवर्तन कर लिया था।