त्योहारी सीजन में यात्रियों की राह आसान करने के लिए रेलवे ने और दो जोड़ी विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। इनमें दिल्ली-आजमगढ़ विशेष ट्रेन का संचालन बरेली होते हुए किया जाएगा। इसके अलावा दरभंगा-दौराई विशेष ट्रेन वाया बदायूं होते हुए चलाई जाएगी।
विज्ञापन
04038 दिल्ली-आजमगढ़ विशेष ट्रेन 27 अक्तूबर से 17 नवंबर तक दिल्ली से प्रत्येक रविवार को शाम 7:10 बजे चलने के बाद रात 12:01 बजे बरेली आएगी। यहां से लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर होते हुए अगले दिन सुबह 11:30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। वापसी में 04037 आजमगढ़-दिल्ली विशेष ट्रेन 28 से 18 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को आजमगढ़ से दोपहर 1:30 बजे चलने के बाद रात 12:40 बजे बरेली आएगी और 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
05537 दरभंगा-दौराई विशेष ट्रेन नौ नवंबर से 28 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को दरभंगा से दोपहर 1:15 बजे चलने के बाद अगले दिन सुबह 7:12 बजे शाहजहांपुर आएगी। यहां से 9:40 बजे बदायूं और रात 10:30 बजे दौराई पहुंचेगी। वापसी में 05538 दौराई-दरभंगा विशेष ट्रेन 10 नवंबर से 29 दिसंबर तक प्रत्येक रविवार को दौराई से रात 11:45 बजे चलने के बाद अगले दिन सुबह 10:53 बजे बदायूं, 1:17 बजे शाहजहांपुर और अगले दिन सुबह 4:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी।