आंवला। गांव नगरिया देह जत्थी में 35 वर्षीय घलेंद्र की गोली लगने से मौत हो गई। एक फुट नाल वाला तमंचा उनके शव के पास ही पड़ा मिला। परिवार वालों ने इसे खुदकुशी बताया मगर गांव वालों ने घटना पर सवाल उठाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटना की जांच कराई है।
घलेंद्र दिल्ली, हरियाणा में छोले-कुल्छे बेचने काम करते थे। रक्षाबंधन पर वह घर आए थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे आसपास के लोगों ने उनके घर के पास से गोली चलने की आवाज सुनी। वे लोग पहुंचे तो घलेंद्र मृत पड़े थे और उनके पेट में बायीं ओर लगकर गोली आरपार हो गई थी। परिवार वालों ने बताया कि उन्होंने खुदकुशी कर ली है लेकिन मोहल्ले वालों के कहने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी। इस पर सुबह करीब सात बजे मोहल्ले वालों ने ही आंवला पुलिस को फोन किया। इंस्पेक्टर मनोज सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो घलेंद्र की पत्नी सूरजमुखी और बेटे महिपाल ने खुदकुशी करने की बात कही। महिपाल ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे उसने पिता को चारपाई पर न देखकर तलाश किया। वह ट्यूबवेल की ओर से घर आ रहे थे। घर के समीप पहुंचकर उन्होंने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। इंस्पेक्टर ने पूरे घटनाक्रम से एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को अवगत कराया तो उन्होंने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराने के निर्देश दिए।
मृतक समेत तीन के लिए सैंपल
आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक कारणों के चलते घर के ही एक व्यक्ति ने घलेंद्र की गोली मारकर हत्या की है। इस पर पुलिस ने घलेंद्र, उनके भाई, बेटे के हाथ केमिकल से धुलवाकर हैंडवाश और हैंड स्वैब के नमूने लिए। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से बरामद करीब एक फुट लंबी नाल का 315 बोर का तमंचा भी कब्जे में ले लिया।
इन कारणों से हत्या का शक
जिस तमंचे से गोली मारी गई उसकी नाल एक फुट से ज्यादा लंबी थी, इस स्थिति में कोई व्यक्ति खुद को सीधी गोली नहीं मार सकता, जबकि घलेंद्र के पेट और पीठ में एक ही सीध गोली आरपार हुई थी।
परिजन पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते थे, पुलिस ने सख्ती करके पोस्टमार्टम को शव भेजा।
परिवार वालों ने पुलिस को घटना की सूचना भी नहीं दी, पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची।
आमतौर पर खुदकुशी करने वाला व्यक्ति कनपटी या सीने में गोली मारता है लेकिन घलेंद्र के पेट में गोली लगी थी।
‘परिवार वालों ने गोली मारकर खुदकुशी करने की बात कही है। फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई है, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’
- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी