बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि तीसरी बार बढ़ाकर 31 अक्तूबर कर दी है। यह निर्णय छात्र-छात्राओं को विषयों के संयोजन और तकनीकी समस्याओं के कारण आ रही दिक्कतों को देखते हुए लिया गया है। अब तक स्नातक और परास्नातक के कुल 115000 फॉर्म जमा हो चुके हैं।
परीक्षा नियंत्रक अनिल कुमार यादव ने बताया कि छात्रों की समस्याओं को देखते हुए तिथि 29 से बढ़ाकर 31 अक्तूबर की गई है। विश्वविद्यालय के समर्थ कार्यालय में बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत के महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपने विषयों में संशोधन कराने पहुंच रहे हैं। शाहजहांपुर की छात्रा मोना ने इतिहास विषय के संयोजन ठीक न आने की शिकायत की। बरेली कॉलेज की छात्रा काजल ने भी स्नातक पांचवे सेमेस्टर में सोशियोलॉजी के गलत संयोजन के कारण फॉर्म न भर पाने की समस्या बताई। छात्रों का कहना है कि कॉलेज उन्हें विश्वविद्यालय जाने के लिए कह रहे हैं, जिससे उनका समय बर्बाद हो रहा है। महाविद्यालय में फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि एक नवंबर है, जबकि ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन करने की अंतिम तिथि दो नवंबर निर्धारित की गई है।
समर्थ केंद्र से लगातार संपर्क में है टीम
मीडिया प्रभारी अमित सिंह के अनुसार, रुविवि की समर्थ टीम दिल्ली स्थित समर्थ केंद्र से लगातार संपर्क में है। जो खामियां अब भी बाकी हैं, उन्हें संशोधित कराने के लिए मेल किए जा रहे हैं। समर्थ की टीम के अनुसार, स्नातक व परास्नातक के कुल 115000 फॉर्म जमा हो चुके हैं। लगातार प्रगति जारी है।
बरेली कॉलेज के छात्रों को राहत
बरेली कॉलेज में पीईटी परीक्षा के चलते शुक्रवार को अवकाश घोषित था। पहले महाविद्यालय में फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार तक थी। अब छात्र एक नवंबर तक महाविद्यालय में फॉर्म जमा कर सकेंगे। उप प्राचार्य वंदना शर्मा ने बताया कि फॉर्म जमा करने वालों की भीड़ कम हो चुकी है। जिन छात्रों के परीक्षा फॉर्म में विषय ठीक नहीं थे, वे अब शनिवार से दोबारा फॉर्म भर सकेंगे।