बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कार्य परिषद (एजुकेशन काउंसिल) की बैठक शुक्रवार को विवि परिसर में होगी। इसके लिए एजेंडा तैयार कर लिया गया है।
एजेंडा में वित्तीय परिषद व विद्या परिषद से स्वीकृत हुए बिंदुओं को शामिल किया गया है। शैक्षणिक उत्थान और वित्तीय प्रबंधन के लिए नई सलाहकार समितियों के गठन, पिछली कार्य परिषद की कार्यवाही की पुष्टि होगी। वित्त समिति और विद्या परिषद की बैठकों के निर्णयों का अनुमोदन किया जाएगा। इसके साथ ही विवि के दस्तावेज, अंकतालिका, डिग्री, प्रवजन प्रमाण पत्र आदि पर इंडिया की बजाय भारत लिखने का प्रस्ताव भी कार्य परिषद की बैठक में रखा जाएगा।
आगामी सत्र से विवि परिसर में नए विभाग और पाठ्यक्रम शुरू करने पर विचार होगा। निष्क्रिय विभागों को सक्रिय किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप स्वीकृत व प्रस्तावित रोजगारपरक नवीन पाठ्यक्रमों में पद सृजन के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। विवि परिसर में संविदा सहायक प्रोफेसरों को अतिथि प्रवक्ता के रूप में परिवर्तित करने पर पुनर्विचार होगा। एडजंक्ट प्रोफेसर, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस और प्रोफेसर ऑफ एमीनेंस की व्यवस्था पर भी पुनर्विचार होगा। मीडिया प्रभारी अमित सिंह के मुताबिक, कार्य परिषद की बैठक में शुक्रवार को 17 सदस्यीय समिति के सदस्य विचार करेंगे।
संघटक महाविद्यालय व गोद लिए विद्यालयों की व्यवस्था पर चर्चा -
बरेली के दो, बदायूं के एक व पीलीभीत के एक संघटक महाविद्यालयों की प्रशासनिक व्यवस्थापन पर चर्चा होगी। इनके वित्तीय व्यवस्थापन का भी अनुमोदन होगा। पं. दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज और दिशा इंटर कॉलेज, बरेली की व्यवस्थापन का भी अनुमोदन होगा। रुविवि की ओर से शैक्षणिक पदों के स्थानांतरण के लिए भेजे गए पत्र को वापस लेने पर विचार किया जा सकता है।