फतेहगंज पूर्वी। कस्बे के मुख्य चौराहे के पास फ्लाईओवर के नीचे मंगलवार सुबह करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला। पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण बीमारी बताया गया है।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे घने कोहरे के बीच जब लोग टहलने निकले तो उन्होंने फ्लाईओवर के नीचे युवक का शव पड़ा देखा। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की तलाशी ली, लेकिन जेब से ऐसा कुछ भी नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो पाती। युवक के एक हाथ पर ‘सोनू ठाकुर’ गुदा था। पास ही आग भी जल रही थी। लोगों ने आशंका जताई कि ठंड से बचने के लिए उसने आग जलाई होगी, लेकिन राहत न मिलने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में उसकी मौत फेफड़ों और किडनी की बीमारी से होना बताई गई है। देर रात तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। संवाद