बरेली के किला थाना क्षेत्र में शनिवार रात रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मरने वाले की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
किला थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह को शनिवार रात स्वालेनगर निवासी छोटेलाल से सूचना मिली कि नवदिया फाटक से रजा कॉलोनी के बीच एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो दूसरी ओर से ट्रेन आती दिखी। सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया गया। फिर पुलिस ने शव लाइन से हटवाया।
करीब 25 वर्षीय युवक के गले और आंख के पास चोट के गहरे निशान बने हुए थे। मौके पर हत्या जैसे हालात लग रहे थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मौत की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चल सकेगी।