एक लड़की की भूमिका की भी पड़ताल, दर्शन से बताई जा रही है दोस्ती
बरेली। किला छावनी के दर्शन सक्सेना उर्फ सागर की हत्या के मामले में पुलिस एक लड़की की भूमिका के बारे में भी पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि इस लड़की की वजह से ही दर्शन और उसके हत्यारोपी अमन के बीच मनमुटाव चल रहा था। दर्शन के पिता बब्बू सक्सेना का कहना है कि अमन और राजू पक्के तौर पर उसकी हत्या का इरादा बना चुके थे। इसी कारण दर्शन के एक बार वह घर लौट आने के बावजूद उन्होंने कुछ देर बाद ही उसे दोबारा बुलवा लिया और बाइक पर बैठाकर ले जाने के बाद हत्या कर दी।
किला छावनी निवासी 20 वर्षीय दर्शन का शव मंगलवार सुबह किला नदी किनारे एक प्लॉट में पड़ा मिला था। उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए थे जिसकी वजह से शरीर पर 35 से ज्यादा जख्म पाए गए। हत्यारों ने उसकी गर्दन रेतने के साथ दो जगह से पेट भी फाड़ दिया था। दर्शन के पिता बब्बू सक्सेना ने उसके दोस्त अमन और राजू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बब्बू ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे अमन दर्शन को घर से बुला ले गया था। करीब घंटे भर बाद उन्होंने फोन किया तो दर्शन घर लौट आया मगर अमन और राजू फिर बाइक से उनके घर के बाहर चक्कर लगाते रहे। रात करीब साढ़े नौ बजे दर्शन घर से निकला तो एक दूसरे लड़के से उसे बुलवाकर दोनों उसे बाइक पर बैठाकर साथ ले गए। उन्होंने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम उनके पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। एक और सीसीटीवी कैमरे में दर्शन चौक के पास उन दोनों के साथ बैठा दिखा है। बब्बू ने बताया कि अमन दर्शन की हत्या की योजना बना चुका था, इसी वजह से घर लौटने के बावजूद उसे दोबारा बुलवा लिया और मार डाला।
अमन की मां और मौसी रात भर लेती रहीं टोह
बब्बू का कहना है कि रात 11.30 बजे अमन की मां उनके घर आई और अमन के न मिलने की बात कहते हुए दर्शन के बारे में पूछताछ की। उन्होंने दर्शन के न लौटने की बात कही तो बोली कि तुम अपने बेटे को ढूंढो, मैं अपने को ढूंढती हूं। सुबह छह बजे अपनी बहन के साथ दोबारा उनके घर पहुंची और फिर से वही सवाल दोहराए लेकिन इस बार दोनों के चेहरे का रंग उड़ा हुआ था। कुछ देर बाद ही उन्हें दर्शन की मौत की सूचना मिल गई।
परिवार वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ
किला पुलिस ने अमन के पिता और मां को थाने में बैठाया है। राजू के पिता को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर दोनों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। इसके अलावा आरोपी पक्ष की उस लड़की को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे दर्शन की दोस्ती बताई जा रही है।
अमन के बर्थडे में खूब मनाया था जश्न, फिर भी नहीं बख्शा
दर्शन के परिवार वालों ने बताया कि चार महीने पहले उसका अमन और राजू दोनों से विवाद हुआ था। इसके बाद अमन से समझौता हो गया और पहले की तरह दोस्ती हो गई लेकिन राजू उससे फिर भी बात नहीं करता था। कुछ दिन पहले अमन का जन्मदिन था तो उसमें दर्शन भी शामिल हुआ और खूब खुशी मनाई थी। इसके फोटो भी फेसबुक पर अपलोड किए लेकिन इसके बावजूद अमन ने दर्शन की हत्या कर दी।