सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर इन दिनों साइबर ठगों के निशाने पर हैं। आईवीआरआई के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक व बरेली कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर के बाद अब उन्होंने सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर को निशाना बनाया गया है। साइबर ठगों ने बातों में फंसाकर उनके दो खातों से 1.56 लाख रुपये उड़ा लिए। मामले में बारादरी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिंधु नगर कॉलोनी निवासी प्रदीप अग्रवाल बैंक से सेवानिवृत्त हैं। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 14 जुलाई को अपने दिल्ली में रहने वाले रिश्तेदारों को कोरियर से मिठाई भिजवाई थी। अगले दिन सुबह उन्होंने कोरियर का स्टेटस चेक करने की कोशिश की। उनके पास कोरियर कंपनी का नंबर नहीं था। तब कोरियर कंपनी का नंबर उन्होंने गूगल पर सर्च किया। इसमें आए एक नंबर पर कॉल करके बात की और समस्या बताई।