शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन, पूर्वोत्तर रेलवे
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल पर शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल खंड (84 किमी) का नवविद्युतीकरण कार्य पूरा हो चुका है। बृहस्पतिवार को सीआरएस व डीआरएम इस रेलखंड का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही स्पीड ट्रायल भी होगा।
शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच ट्रेन चलने का इंतजार काफी लंबे समय किया जा रहा है। इस रेलखंड के अमान परिवर्तन का कार्य काफी समय पहले ही पूरा हो चुका था। वर्तमान समय में विद्युतीकरण का काम किया जा रहा था, जोकि अब पूरा कर लिया गया है। इसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिमंडल) मोहम्मद लतीफ खान और मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत बृहस्पतिवार केे शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल खंड का निरीक्षण का करने आएंगे। दोनों अधिकारी सुबह 10.25 बजे से नवविद्युतीकृत शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल खंड का निरीक्षण करेंगे तथा शाम 4.00 बजे इस रेल खंड पर गति परीक्षण भी किया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने लोगों से अपील है कि रेल संरक्षा आयुक्त के नवविद्युतीकृत रेल खंड का निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के दौरान रेल पथ पर न जाएं। साथ ही अपने मवेशियों को भी जाने न दें। अब इस खंड के ओवर हेड में हाई वोल्टेज 50 हर्ट्ज करेंट प्रवाहित होगी, जिस पर रेल संरक्षा आयुक्त की विशेष निरीक्षण ट्रेन 110 किमी की गति से गति परीक्षण करेगी। अब यह रेल खंड विद्युतमय माना जाए।