बरेली। बरेली कॉलेज के सेमिनार कक्ष में बृहस्पतिवार को प्रवेशार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। फीस जमा करने और विषयों में बदलाव को लेकर छात्र परेशान दिखे। कॉलेज प्रशासन ने प्रथम व द्वितीय मेरिट के छूटे हुए छात्रों को एक और अवसर दिया है।
मुख्य प्रवेश नियंत्रक वंदना शर्मा ने बताया कि बीए और बीएससी बायो के प्रथम एवं द्वितीय मेरिट में फीस जमा करने से वंचित विद्यार्थियों को एक अंतिम मौका तीन जुलाई को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक उपलब्ध कराया जाएगा। यह अवसर सीटों की उपलब्धता के आधार पर होगा। निश्चित सीट संख्या पूरी होते ही ऑनलाइन माध्यम (पोर्टल) अपने आप बंद हो जाएगा। इसके बाद प्रथम एवं द्वितीय मेरिट के किसी भी अभ्यर्थी का कोई भी दावा प्रवेश के लिए मान्य नहीं होगा। सेमिनार कक्ष में प्रवेश समिति की बैठक ने कई बिंदुओं पर मंथन किया। सीट लॉक करने की प्रक्रिया शुक्रवार से ही शुरू होगी। सीट लॉक करने की प्रक्रिया अभ्यर्थी द्वारा जमा किए गए दस्तावेज के आधार पर होगी। यदि किसी भी तरह से प्रमाणपत्र गलत पाया गया तो उस पर कार्रवाई भी होगी। एनसीसी, खेल के राज्य व राष्ट्रीय प्रमाणपत्रों के लिए अलग-अलग अंक निर्धारित हैं।
मौखिक परीक्षा सूची में नाम न होने की शिकायत लेकर पहुंची
बरेली कॉलेज की एमए अंग्रेजी के द्वितीय सेमेस्टर की एक छात्रा अपनी मौखिक परीक्षा सूची में नाम न होने की शिकायत लेकर पहुंची। छात्रा ने बताया कि उसने सभी परीक्षाएं दी हैं। विभाग के कर्मचारियों ने जांच की तो पता चला कि छात्रा का फॉर्म कॉलेज द्वारा सत्यापित ही नहीं किया गया था। परीक्षा समन्वयक प्रोफेसर ऐके सिंह ने बताया कि छात्रा को अनुक्रमांक विश्वविद्यालय से मिला है। उन्होंने आशंका जताई कि छात्रा ने कॉलेज को दरकिनार कर विश्वविद्यालय से अपना परीक्षा फॉर्म सत्यापित कराकर परीक्षा दी होगी। प्रोफेसर सिंह ने बताया कि अनुक्रमांक कॉलेज नहीं, विश्वविद्यालय ही देता है। ऐसे में यह पत्राचार अब प्राचार्य स्तर से होगा। इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से सही प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है।