गांव लभेड़ा दुर्गा प्रसाद में श्मशान भूमि के पास सूखे नाले से अंडरवियर व बनियान पहने 30 वर्षीय अज्ञात युवक की लाश बरामद हुई है। मृतक के सिर, चेहरे पर धारदार हथियार के कई जख्म और गरदन पर दबाने के निशान भी मिले हैं। मृतक के कपड़े आधा किमी दूर गन्ना के पानी लगे खेत में पड़े पाए गए। अनुमान है कि दूसरी जगह हत्या कर हत्यारे लाश यहां फेंक गए होंगे। शिनाख्त न हो पाने पर पंचनामा भरवाकर लाश पोस्टमार्टम को भिजवा दी गई है।
कस्बे से 10 किमी दूर रामगंगा खादर के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव लभेड़ा दुर्गा प्रसाद से एक किमी दूर सूखे नाले में गुरुवार सुबह 30 वर्षीय अज्ञात युवक की लाश देखी गई। खेत पर गए किसानों की सूचना पर चौकी इंचार्ज सुधीश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक के जिस्म पर सिर्फ अंडरवियर-बनियान ही थे। सिर और चेहरे पर धारदार हथियारों के गहरे जख्म थे। गला घोंटकर मारने के निशान भी देखे गए। काफी देर छानबीन के लाश मृतक के कपड़े आबादी से आधा किमी दूर गन्ना के पानी लगे खेत में पड़े मिल गए।
फील्ड यूनिट की टीम भी पहुंची और सुराग तलाशने की कोशिश की। गन्ने के जिस पानी लगे खेत में मृतक के कपड़े पड़े मिले हैं वहां किसी के पैरों के निशान नहीं हैं। साफ है कि कपड़े खेत में घुसकर नहीं डाले गए, बल्कि दूर से फेंके गए होंगे। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि युवक की हत्या हुई है लेकिन कारणों का खुलासा छानबीन के बाद ही हो पाएगा।
खेत में फैले मिले युवक के कपड़े
खून से सनी शर्ट मेड़ से कुछ दूरी पर और जींस-बेल्ट 20 कदम दूर पड़ी थी। पुलिस ने लाश के साथ कपड़े भी कब्जे में ले लिए हैं। अनुमान है कि हत्या कहीं दूसरी जगह करने के बाद लाश यहां लाकर फेंकी गई है। खून पूरी तरह से सूखा नहीं था, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बुधवार रात में ही हत्या की गई है।
पहचान नहीं पाया कोई
लभेड़ा दुर्गा प्रसाद गांव के अलावा रम्पुरा, सिमरिया, मदनापुर, विलायतगंज आदि गांवों के भी सैकड़ों लोग मौके पर आ डटे लेकिन कोई भी मृतक की शिनाख्त नहीं कर पाया है। मीरगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलवीर सिंह ने भी मौका मुआयना किया।