शहर में बच्चा चोरी की वारदातों में एक और वारदात शुक्रवार को जुड़ने से बच गई। अपने ही ढाई साल के भतीजे को चुराकर भाग रहा कुछ लोगों की सजगता से दबोच लिया गया। पब्लिक की सूचना पर पहुंचे पुलिस वालों से उसने पहले हाथापाई की और फिर नशे में होने का ड्रामा करते हुए हंगामा करने लगा। इस बीच वह कपड़े उतारकर अर्द्धनग्न भी हो गया। कोतवाली में करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस को अपने ऊटपटांग जवाब से गुमराह करने के बाद उसने उगला कि जिस बच्चे को वह लेकर भाग रहा था, वह उसका सगा भतीजा है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे बासमंडी रोड पर राजेंद्र और इमरान चाय पी रहे थे। इसी बीच उन्होंने संदिग्ध हालत में एक युवक को बच्चे के साथ जाते देखा तो उसे टोका कि बच्चा लेकर कहां जा रहे हो। इस पर युवक बच्चे को सड़क पर ही छोड़कर साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज की तरफ भाग निकला। बच्चे को उठाकर इमरान और राजेंद्र ने बाइक से पीछा किया। भागते हुए ही युवक ने अपना पाजामा उतार दिया। साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज पर खड़ी पीआरवी वैन ने युवक को पकड़ लिया और फिर उसे बच्चे सहित कोतवाली लाया गया।
कोतवाली में चीता पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो वह उनसे धक्कामुक्की करने लगा। उसे नियंत्रित करके बैठाया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने युवक से पूछताछ करनी चाही तो करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें गुमराह करता रहा। फिर पता चला कि वह बच्चे का सगा चाचा है। इसके बाद पुलिस ने काजी टोला से बच्चे के परिवार वालों को बुलाया।
टहलने के बहाने बच्चे को ले भागा
बच्चा काजीटोला में सिलाई का काम करने वाले राशिद का था। बारादरी थाने में राशिद अपनी बीवी तरन्नुम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे फरहान (6) और आहिल (2.5) है। वे चार भाई है। सबसे छोटा भाई नाजिम रात में नौ बजे खाने के बाद टहलने के लिए आहिल को लेकर निकला था। उनके वापस नहीं आने पर परिवार उन्हें शहदाना में तलाशता रहा।
बाप ने भाई से पूछा ऐसा क्यों किया
इंस्पेक्टर बारादरी उपेंद्र सिंह ने बताया कि अगर परिवार तहरीर सौंपता है तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बच्चे को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। थाने में बच्चे के पिता ने अपने भाई को लताड़ा, पूछा ऐसा क्यों किया। राशिद ने बताया कि उसका भाई नशा नहीं करता। लेकिन जब उसको बताया गया कि तुम्हारा भाई नशे में होने का ड्रामा करता रहा तो वह भी चौंक गया।
नहीं मिले सवालों के जवाब
- बच्चा चोरी करने का मकसद क्या था
- अगर बच्चा चोरी नहीं किया तो टोकने पर भागने की क्या जरूरत थी।
- भाई के मुताबिक वह नशा नहीं करता तो नशे में होने का ड्रामा क्यों किया
- पुलिस को बच्चे के साथ अपना रिश्ता बताने में डेढ़ घंटा क्यों लगाया
- टहलने निकला तो कांजीटोला से बांसमंडी तक क्या करने आया
बच्चे की बरामदगी के तीन घंटे के अंदर उसको घर तक पहुंचाया गया। उसका चाचा ही बच्चा चोर निकला है। परिवार की तहरीर का इंतजार है। फिलहाल आरोपी को बारादरी थाने में रखा गया है। - गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर कोतवाली