मोहनपुर में निकाह के बाद घर लौटे परिवार की दहेज से लदी गाड़ी को घर तक लाने को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। दोनों परिवारों के बीच मारपीट और फिर पथराव हुआ। इसमें एक व्यक्ति चोटिल हो गया। मौके पर कैंट थाने की पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
मोहनपुर के नासिर हुसैन के छोटे भाई वसीम का निकाह अगरास गांव से हुआ है। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे बारात लौटकर आई। घरवाले निकाह में मिले सामान की गाड़ी को घर तक ले जाना चाहते थे। आरोप है कि पड़ोसी तौहीद की गाड़ी रास्ते में खड़ी थी। उन्होंने तौहीद से गाड़ी हटाने को कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों परिवारों में पथराव शुरू हो गया। इसमें आरिफ चोटिल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।