14 बीघा जमीन पर कब्जे के विवाद में शनिवार को सिरौली थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी होमगार्ड रामप्रसाद पर तलवार से हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। देर रात उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएमएस रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव को जिला अस्पताल की मोरचरी में रखवा दिया गया है।
सिरौली के गांव रामनगर निवासी रामप्रसाद (40) के बेटे राजू ने बताया कि उनका 14 बीघा जमीन को लेकर होमगार्ड जाखनलाल, ओमकार, नत्थूलाल सहित पांच लोगों से 2004 से विवाद चल रहा था। कोर्ट ने 13 साल बाद इस मामले में रामप्रसाद के हक में फैसला कर दिया। मुकदमा जीतने के बाद दो दिन पहले रामप्रसाद जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे लेकिन आरोपियों ने उन्हें कब्जा नहीं लेने दिया। उस वक्त भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ लेकिन तब गांव के ही कुछ लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। आरोप है कि शनिवार को आरोपियों ने तलवारों से रामप्रसाद के ऊपर हमला बोल दिया। इससे उनके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई। घरवालों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस रामप्रसाद को जिला अस्पताल लेकर आई। डॉक्टरों की सलाह पर जब घरवाले उन्हें इलाज के लिए एसआरएमएस ले जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।