किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पड़ोसियों ने जमकर मारपीट की और पथराव हुआ। इसमें मां-बेटी समेत कई लोग घायल हो गए। देर रात घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
इज्जतनगर इलाके के एक गांव में रहने वाली 15 वर्षीय लड़की बकरियां चराने गई थी। जंगल में उससे गांव के हीरालाल, उसके भाई वीरपाल, छेदालाल और बेनीराम ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर लड़की से मारपीट की और धमकाकर भगा दिया। लड़की ने घर घटना की जानकारी अपने परिवार वालों को दी। उनके शिकायत करने पर आरोपी अपनी गलती मानने के बजाय भिड़ गए। फिर जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इसमें किशोरी और उसकी मां समेत कई लोग घायल हो गए। गांव के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। पीड़ित पक्ष ने थाने जाकर हमलावरों के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।