डीआरएम आफिस से सीनियर डीसीएम (एनईआर) नीलिमा सिंह का पर्स किसी और ने नहीं, बल्कि आफिस के चपरासी ने ही उड़ाया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से पर्स रखा सामान भी बरामद कर लिया।
डीआरएम इज्जतनगर कार्यालय से रेलवे की सीनियर डीसीएम (एनईआर) नीलिमा सिंह का 16 जनवरी को किसी ने टेबिल पर रखा पर्स चुरा लिया था। पर्स में एचडीएफसी बैंक के दो एटीएम, 27 सौ रुपये नकद, रेलवे के पास और कीमती घड़ी आदि सामान था। इसकी रिपोर्ट थाना इज्जतनगर में दर्ज कराई गई थी। एसओ इज्जतनगर कमल सिंह ने बताया कि पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि महिला अफसर का पर्स किसी और ने नहीं, बल्कि डीआरएम आफिस के चपरासी संतोष पुत्र रामदास निवासी भिड़ुआ थाना भिल्लौर (कानपुर देहात) ने चुराया था। एसओ ने बताया कि मंगलवार को संतोष को गिरफ्तार कर लिया गया। एसओ ने बताया कि संतोष के कब्जे से महिला अफसर की घड़ी, एटीएम कार्ड आदि सामान बरामद कर लिया गया है। उसने दोनों एटीएम कार्ड जलाकर तोड़ दिए थे, जो अधजले बरामद हुए हैं।