बरेली। सरिया सीमेंट की दुकान पर काम करने वाले मजदूर की सिर पर चोट लगने के बाद मौत हो गई। घरवालों का आरोप है कि दुकानदार से लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई और उसने सरिया मार दिया जिससे उसे चोट लगी। जबकि दुकानदार का कहना है कि मजदूर ओम प्रकाश सीमेंट की टीनें हटा रहा था। इसी दौरान एक टीन उसके सिर पर गिर गई, जिससे वह जख्मी हो गया था। पोस्टमार्टम में भी उसके सिर की हड्डी टूटने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
नवाबगंज क्षेत्र के गांव ज्योराह मकरंदपुर का रहने वाला 40 वर्षीय ओम प्रकाश क्षेत्र में स्थित एक सरिया सीमेंट की दुकान पर काम करता था। आरोप है कि रविवार को दुकान मालिक से मजदूरी के पैसे के लेनदेन को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दुकान मालिक ने ओम प्रकाश के सिर पर सरिया मार दी। जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी। उसका पहले नवाबगंज के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां उसके सिर में दस टांके लगे। शाम के समय उसे पीलीभीत रोड स्थित बरेली के निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सोमवार को बारादरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में भी उसके सिर की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। उधर, नवाबगंज कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि दुकानदार दुर्गेश ने थाने पर सूचना दी कि मजदूर ओम प्रकाश सीमेंट की टीनें हटा रहा था। इसी दौरान एक टीन उसके सिर पर गिर गई, जिससे वह जख्मी हो गया। कोतवाल ने बताया कि दुर्गेश की ओर से अचानक चादर गिरने से ओम प्रकाश के घायल होने की सूचना दर्ज कर ली गई थी। इसके अलावा घरवालों की उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है।