बरेली। कैंट थाने में तैनात लखीमपुर खीरी के सिपाही राजकुमार की पत्नी राजेश्वरी देवी ने सीओ चतुर्थ संतोष कुमार सिंह को दिए बयान में कहा कि दो हजार रुपये में उसका खर्च नहीं चल रहा है। उसने कहा कि पति उसे साथ रखे या उसे निलंबित किया जाए।
खीरी के थाना फरधान स्थित करनपुर निवाह गांव की राजेश्वरी देवी ने सीओ को बताया कि मैलानी थाने के संसारपुर गांव के राजकुमार सिंह से 2006 में उसकी शादी हुई थी। कुछ साल तक दोनों में मधुर संबंध रहे। लेकिन, संतान न होने पर पति ने परेशान करना शुरू कर दिया। 2011 में सिपाही पद पर भर्ती होने के बाद से पति ने बिल्कुल किनारा कर लिया। उसने राजकुमार और ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा लिखाया तो कोर्ट ने दो हजार रुपये खर्चा बांध दिया। राजेश्वरी का कहना है कि दो हजार में उसका खर्च नहीं चल रहा है, इसलिए अब राजकुमार का आधा वेतन चाहिए। पीड़िता ने सीओ से कहा कि राजकुमार उसे साथ रखे या फिर उसे निलंबित किया जाए। सीओ ने बताया कि राजेश्वरी ने लखीमपुर में राजकुमार और उसके परिवारवालों के खिलाफ मुकदमा लिखा रखा है। वह मामले में एसएसपी को रिपोर्ट देकर पीड़िता को इंसाफ दिलाने की कोशिश करेंगे।