बीमारी से परेशान एक अधेड़ ने सिटी स्टेशन में ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिया है। परिवार के मुताबिक, मृतक लंबे समय से बीमारी से परेशान चल रहा था।
किला के कन्हैया टोला के रहने वाले नंद किशोर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। पिछले कुछ सालों से वह बीमारी की वजह से बिस्तर पर पड़े रहते थे। उनके इलाज के लिए बेटे राकेश ने आठ महीने पहले घर बेचा था। इसके बाद वह सितारगंज में किराये पर रहने लगे थे। इलाज से नंद किशोर को फायदा नहीं हुआ। सोमवार सुबह नंद किशोर घर से यह कहकर निकले कि वह घर देखने के लिए जा रहे हैं। राकेश के मुताबिक, वह सिटी स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर खड़े होकर काफी देर तक ट्रेनों को जाते हुए देखते रहे। फिर एक ट्रेन के आगे अचानक कूद गए। उन्हें गंभीर चोट आई। जीआरपी पुलिस ने उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौत हो गई। जीआरपी ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के बाद उनके बेटे राकेश के हवाले कर दिया।