दो लोगों के विवाद को बना दिया समुदाय का झगड़ा, पथराव, चाकूबाजी
- फोटो : दो लोगों के विवाद को बना दिया समुदाय का झगड़ा, पथराव, चाकूबाजी
अशरफ खां छावनी में देर रात दो लोगों के बीच हुए झगड़े में दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। पथराव और चाकू बाजी भी हुई। जिसमें एक युवक घायल हो गया और बचाव को आई उसकी मां का हाथ भी तोड़ दिया गया। इससे गुस्साएं लोगों ने जमकर हंगामा किया। मंदिर की दीवार ढहाने का आरोप भी लगाया। मोहल्ले में तनाव है। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
प्रेमनगर इलाके के अशरफ खां छावनी निवासी सुखलाल की गैस की दुकान पर मोहल्ले का राजू उर्फ रियाज काम करता है। इसी मोहल्ले का गौरव मंगलवार रात करीब नौ बजे उसके पास आया। दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े की जानकारी पर दोनों ही पक्ष के काफी संख्या में लोग आ गए और मारपीट होेने लगी। इसी दौरान राजू पक्ष ने गौरव के पेट पर चाकू से वार किए और बचाव को आई उसकी मां राधा देवी का हाथ तोड़ दिया गया। विवाद ने तूल पकड़ा तो दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गया। मारपीट के बाद पथराव होने लगा। पुलिस मौके पर पहुंची तो झगड़ा करने वाले भाग गए। पुलिस ने घायल गौरव और उसकी मां को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं मौके पर इसके विरोध में गौरव पक्ष के लोगों ने काफी हंगामा किया। उनका कहना है कि दूसरे समुदाय के लोग मंदिर नहीं बनने दे रहे हैं, जब से मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है, वह आए दिन झगड़ा करते रहते हैं। लोगों का आरोप था कि आज भी दूसरे समुदाय के लोग आए और झगड़ा करते हुए मंदिर की दीवार तोड़ दी। मौके पर पहुंचे अशरफ खां चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि राजू और गौरव गैस की दुकान पर बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान उनमें झगड़ा हो गया और इसे सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन मोहल्ले में इस तरह की कोई बात नहीं है। एहतियातन मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
यह दो पक्षों का झगड़ा था, इसे तूल देने की कोशिश की गई। इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रोहित सिंह सचवाण, एसपी सिटी