छानबीन में जुटीं दस टीमें, क्लू एक भी नहीं मिला
बदमाशों ने व्यापारी नेता समेत समूचे परिवार का कत्ल करके पुलिस को खुली चुनौती दी है। एसएसपी ने खुलासे के लिए पुलिस की दस टीमें गठित की हैं। टीमों ने बृहस्पतिवार को बदमाशों का सुराग लगाने की कोशिश की लेकिन देर रात तक कुछ हाथ नहीं आया था। ये टीमें एसपी क्राइम और एसपी सिटी के निर्देशन में काम कर रही हैं।
क्राइम ब्रांच: बृहस्पतिवार को पूरे दिन क्राइम ब्रांच वाले गायत्रीपुरी और आसपास कालोनियों में डेरा जमाए रही। छानबीन के दौरान नरेश सेठी के परिजनों, नौकर, पड़ोसियों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई। कालोनी में आने जाने वालों की गोपनीय निगहबानी की गई। हिस्ट्रीशीटरों के बारे में भी छानबीन की गई।
सर्विलांस टीम: सर्विलांस ने नरेश सेठी के घर से बरामद हुए तीनों मोबाइल और नजदीकी लोगों की कॉल डिटेल निकलवाई। इसमें मिले मोबाइल नंबरों की छानबीन की जा रही है। इसको भी देखा गया कि सोमवार रात गायत्रीपुरी कालोनी में किन नंबरों पर सबसे ज्यादा बात की गई।
शहर की पांच टीमें
टीम नंबर एक: इंस्पेक्टर रामगोपाल शर्मा के नेतृत्व में काम कर रही इस टीम बृहस्पतिवार को दुबारा मौका मुआयना किया। करीब डेढ़ दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। सड़क किनारे डेरा डालकर रहने वालों से भी पूछताछ की गई।
टीम नंबर दो: इंस्पेक्टर देवेश सिंह वाली इस टीम को विशेषकर छैमार गैंगों की छानबीन में लगाया गया है। उन्होंने जिले की थाना पुलिस के अलावा आसपास के जिलों से भी संपर्क किया है। हाल के दिनों में जमानत पर छूटे लोगों के बारे में भी छानबीन की। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
टीम नंबर तीन: टीम लीडर इंस्पेक्टर मोहम्मद कासिम ने बृहस्पतिवार को किला इलाके में डेरा डालकर रहने वाले परिवारों से पूछताछ की। इलाके के हिस्ट्रीशीटर और अपराधियों की गतिविधियों के बारे में भी छानबीन की।
टीम नंबर चार: टीम लीडर एसओ बिथरी
सुभाषनगर: एसओ सतीश यादव के नेतृत्व इस टीम ने नरेश सेठी के नजदीकी लोगों, पुताई करने वालों के बारे में छानबीन की। इसका भी पता लगाया जा रहा है कि नरेश का सबसे नजदीकी कौन था? सुभाषनगर इलाके में रहने वाले पंखिया गिरोहों के सदस्यों से भी पूछताछ की गई।
एसटीएफ : इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह को बाहरी गैंगों की छानबीन में लगाया है। बृहस्पतिवार को जिले से बाहर रहे।
देहात की दो टीम: देहात पुलिस की दो टीमों ने बृहस्पतिवार को भोजीपुरा और भमोरा इलाके में रहने वाले कंजड़ और पंखियों गिरोह के घरों में दबिश दी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
बाबा के गुर्गों से था नरेश का पंगा
शहर के एक नामचीन मंदिर के बाबा के गुर्गों से भी व्यापारी नेता नरेश सेठी का पंगा था। इसलिए पुलिस उनसे भी पूछताछ करेगी।
सूत्रों के मुताबिक बाबा का कालाडूंडी(उत्तराखंड) में रहने वाला चेला हिस्ट्रीशीटर है। वह मंदिर परिसर में ही उनके साथ रहकर प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। नरेश के दो हिस्ट्रीशीटर पहले से ही दुश्मन हैं। एक दोस्त के प्लाट की वजह से दुश्मनी रखता है। दूसरे के खिलाफ नरेश ने मुक दमा लिखा दिया था। इसलिए तीन हिस्ट्रीशीटरों से नरेश का पंगा चल रहा था। इनमें दो मामले प्रॉपर्टी के विवाद से जुड़े थे। पुलिस को इस एंगिल पर जांच करने से भी कुछ क्लू मिल सकता है।
सीसीटीवी फुटेज खोल सकती है राज
गायत्रीपुरी के चौहरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए वीर सावरकर नगर के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरे के 15 दिन के फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। फुटेज को बारीकी से देखा जा रहा है। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे से कुछ इनपुट भी मिला है। संदिग्धों की पहचान कराकर उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। एसपी क्राइम विजय गौतम ने बताया कि कॉलोनी के सीसीटीवी कै मरों को खंगाला जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही कुछ मिलेगा।
गायत्रीपुरी कालोनी में सन्नाटा
पुलिस से इजाजत लेकर नरेश सेठी के बड़े भाई सुरेश सेठी ने घर की सफाई करा दी। गायत्रीपुरी कॉलोनी के रास्तों में दिन भर सन्नाटा छाया रहा। केहरी सिंह एडवोकेट के घर के आगे कुछ कुर्सियां पड़ी थीं। वहां कॉलोनी के लोग शाम को कुछ देर बैठे तो इसी मामले की चर्चा रही।
बड़े भाई के घर दिनभर लगा रहा तांता
नरेश सेठी, उनकी पत्नी शिखा सेठी, बेटा शुभ और बेटी आस्था की हत्या से पूरा परिवार दहशत में है। बृहस्पतिवार को नरेश के पैतृक घर में आने जाने वालों का तांता लगा रहा। घरवालों की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर पूरे परिवार को क्यों मार डाला। व्यापारी नेता नरेश सेठी का पैतृक घर कुतुबखाना के पास नवाबान गली में है। जहां उनके पिता त्रिलोक नाथ सेठी, बड़े भाई सुरेश सेठी, भाभी और उनके बच्चे रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह से देर शाम तक उनके घर सांत्वना देने वाले आते जाते रहे। हर कोई घटना से स्तब्ध था। किसी को यही समय नहीं आ रहा कि आखिर नरेश और उनके पूरे परिवार को क्यों मार दिया गया। डीडीपुरम में हुई एक मारपीट की घटना को छोड़ दिया जाए तो नरेश की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
डीआईजी बोले, 48 घंटे में खुलासा करो
डीआईजी आशुतोष कुमार ने गायत्रीपुरी के व्यापारी नरेश सेठी समेत उनके परिवार के चार लोगों की हत्याओं का खुलासे में लगी टीमों से कहा कि 48 घंटे में घटना का खुलासा करो।
बृहस्पतिवार की शाम को डीआईजी ने एसएसपी आरके भारद्वाज, एसपी सिटी समीर सौरभ, एसपी क्राइम के अलावा गायत्रीपुरी के चौहरे मर्डर केस में लगी सभी टीमों को बुलाकर समीक्षा की। उन्होंने टीमों से बिंदुवार जानकारी की। यह भी पूछा कि किन-किन लोगों से व्यापारी और उनके परिवार की आखिरी बार बात हुई है। इस दौरान मालूम हुआ कि नरेश ने अंतिम बार अपने ही परिवार के लोगों से बात की थी। किन-किन लोगों से नरेश का मिलना-जुलना था। पॉपर्टी का विवाद किन लोगों से चल रहा था। डीआईजी को टीमों से कोई खास इनपुट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आपके पास दो दिन है, जहां जाना है, वहां जाओ, लेकिन 48 घंटे में घटना का खुलासा करो। कॉलोनियों की सुरक्षा समितियों के बात करके यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आगे इस तरह वारदात नहीं होने पाए। कॉलोनियों में प्राइवेट गार्ड रखवाए जाएं। रक्षक और चीता मोबाइल को और अधिक सक्रिय किया जाए।
आज बरेली बंद का एलान
11 से दोपहर दो बजे तक पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे
महापंचायत के बाद व्यापारियों ने शुक्रवार को कारोबार बंद रखने का एलान किया है। इस दौरान दुकानें नहीं खुलेंगी। 11 से दो बजे तक पेट्राल पंप भी बंद रहेंगे। डिस्ट्रिक्ट बरेली केमिस्ट एसोसिएशन, बरेली बार एसोसिएशन, सर्राफा एसोसिएशन और जिला पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने भी बंद का समर्थन किया है। एक दिन की बंदी के बाद व्यापारी नेता सात दिन क्रमिक अनशन करेंगे।
व्यापारी नेता नरेश सेठी समेत पूरे परिवार की हत्या होने से कारोबारियों में आक्रोश है। पूर्व घोषणा के अनुसार बृहस्पतिवार शाम गोल मार्केट में व्यापारियों की महापंचायत हुई। यह पंचायत पांच बजे शुरू होनी थी, लेकिन व्यापारी चार बजे ही इकट्ठे हो गए। व्यापारियों ने हत्याकांड का जल्द और असली खुलासा करने की मांग की गई। महापंचायत में पहुंचे एसपी सिटी समीर सौरभ ने घटना के खुलासे को सात दिन की मोहलत मांगी। मगर व्यापारी अपनी बात पर कायम रहे। उन्होंने एलान किया कि शुक्रवार को एक दिन बाजार पूरी तरह बंद रहेगा। शनिवार से एक सप्ताह तक व्यापारी क्रमिक अनशन करेंगे। इस दौरान हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ तो फिर भूख हड़ताल होगी।
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल ने बताया कि हत्याकांड के विरोध में पूर्वाह्न 11 से दोपहर दो बजे तक जिले के सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। डिस्ट्रिक्ट बरेली केमिस्ट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी विजय मूलचंदानी ने बताया कि शुक्रवार को दवा कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम शर्मा एडवोकेट और सचिव अमर भारती एडवोकेट ने बताया कि वकील न्यायिक कार्य नहीं करेंगे। सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने बताया कि सराफा कारोबार बंद रहेगा। सराफा नेता अनिल पाटिल बोले, नरेश सेठी के पूरे परिवार की नृशंस हत्या से व्यापारियों के परिवार में खौफ है। घटना का जल्द खुलासा होना चाहिए। बंद कार्यक्रम के संरक्षक घनश्याम शर्मा, संयोजक दर्शनलाल भाटिया, अमजद सलीम एडवोकेट अशोक सक्सेना उर्फ बबलू, राज कुमार राजपूत रामकृष्ण शुक्ला होंगे। महापंचायत में व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता, अमित भारद्वाज, जतिन अरोड़ा, पवन अरोड़ा, बंटू सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय, महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां आदि मौजूद रहे।
बनवारी लाल कंछल भी आएंगे
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रति मंडल (कंछल गुट) के जिलाध्यक्ष शोभित सक्सेना ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल शुक्रवार सुबह 9.15 बजे बरेली आएंगे। यहां कैंप कार्यालय पर 11 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे। बंद के समर्थन में मुरादाबाद, रामपुर, लखनऊ, बदायूं, पीलीभीत, मेरठ के व्यापारी नेता बरेली पहुंचेंगे।