रात में किसी वाहन से घर जाते वक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। बृहस्पतिवार रात में गुजरात से लौट रहे बीसलपुर के मजदूरों को साढ़े तीन सौ रुपये में घर तक के लिए टेंपो किराए पर करना महंगा पड़ गया। टेंपो में सवार लुटेरों ने रास्ते में उनकी गाढ़ी कमाई के एक लाख 80 हजार रुपये लूट लिए और रास्ते में छोड़कर भाग गए। पीड़ित मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं।
बीसलपुर के चंदपुरा गांव के रेहान, सद्दाम, गुड्डू, लियाकत और रियासत गुजरात के शीतलवारा में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके घर लौट रहे थे। सेटेलाइट बस अड्डे पर पांचों के पास एक टेंपो चालक आ गया। उसमें पहले से ही तीन तीन लोग बैठे थे। टेंपो चालक ने साढ़े तीन सौ रुपये में पांचों को घर छोड़ने का वादा करके बैठा लिया। आरोप के ही बरेली-बीसलपुर मार्ग पर टेंपो चालक और उसके साथियों ने कमुआ कला नहर के किनारे यात्रियों को लूट लिया। यात्रियों के पास एक लाख 80 हजार रुपये थे। नहर की तरफ टेंपो ले जाने पर यात्रियों ने विरोध किया तो उनके साथ लुटेरों ने मारपीट की और रास्ते में छोड़ गए। पीड़ित मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने गए तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया।