थाना कैंट इलाके में कांधरपुर से सिलाई सीखकर घर लौट रही किशोरी का गांव का युवक हाथ पकड़कर खेत में खींचकर ले जाने की कोशिश करने लगा। किशोरी ने चिल्लाते हुए आरोपी को थप्पड़ मार दिया। आसपास के लोग आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े तो वह बाइक से भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट में मुकदमा लिखकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी शाम करीब पांच बजे कांधरपुर से सिलाई सीखकर पैदल घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही प्रदीप कुमार ने उसका हाथ पकड़ लिया और खींचकर खेत में ले जाने की कोशिश करने लगा। उसने चिल्लाकर विरोध कि या और आरोपी के गाल पर एक थप्पड़ जड़ दिया। शोर मचाने पर किशोरी के रिश्तेदारों ने आरोपी को दौड़ाया तो वह बाइक लेकर भाग गया। किशोरी ने पूरी घटना उसे घर आकर बताई तो वह शिकायत करने के लिए आरोपी के घर पहुंची। वहां आरोपी को डांटने के बजाए परिवार वालों ने उसकी पिटाई कर दी। उसे जमीन पर गिराकर पीटा गया। पीड़िता का आरोप है कि करीब एक महीने से प्रदीप उसे परेशान कर रहा था। वह उससे अश्लील बातें करता था। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है।