रेलवे की मिलीभगत से हर दिन लाखों रुपये का टैक्स चोरी कर ऊन, रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान बरेली लाया जा रहा है। बुधवार सुबह वाणिज्य कर प्रवर्तन दल ने जंक्शन से बिहारीपुर गोदाम में ले जाए जा रहे रेडीमेड और वूलेन सामान को पकड़ लिया। सामान पकड़ते ही व्यापारी फरार हो गया और सामान छापा टीम ने जब्त कर लिया।
बुधवार सुबह दिल्ली से लाखों रुपये कीमत का हौजरी का सामान लाए जाने की सूचना मिलते ही वाणिज्य कर प्रवर्तन टीम सतर्क हो गई। टीम ने बिहारीपुर चौकी के पास 14 नग हौजरी से लदे रिक्शे पकड़ लिए। इस बीच रिक्शों के पीछे चल रहा कारोबारी फरार हो गया। जब रिक्शा चालकों से जानकारी ली गई तो वे सामान मालिक का नाम नहीं बता पाए। चालकों ने बताया कि सामान जंक्शन से लादा गया है और बिहारीपुर स्थित किसी गोदाम में ले जाना था। इसके बाद वाणिज्य कर प्रवर्तन दल ने सामान जब्त कर लिया। छापामारी में प्रवर्तन दल प्रभारी नीरज वर्मा, लोमेश कुमार और अवनीश चौधरी आदि शामिल रहे।