होटल में बैरे के बीमा कंपनी की अधिकारी के साथ अश्लील हरकत करने की घटना के बाद विभिन्न संस्थाओं में काम करने वाले स्टाफ के सत्यापन पर फिर चर्चा शुरू हुई है। पिछले महीने सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने विभिन्न संस्थानों के स्टाफ का सत्यापन कराया था। करीब दो सौ लोगों के सत्यापन में चौंकाने वाली बात सामने आईं कि एटीएम की सिक्योरिटी में लूट के आरोपी बतौर गार्ड तैनात मिले। एक वकील का मुंशी भी लूट का आरोपी निकला। अब पुलिस कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर संस्थानों को फिर नोटिस जारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कैंट के लालफाटक के पास एक बैंक की ब्रांच में एटीएम पर झील गौटिया निवासी लूट का आरोपी सिक्योरिटी गार्ड निकला। कोतवाली में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। सीओ कार्यालय से सत्यापन कराने पर असलियत खुली। इसी तरह प्रेमनगर में लूट के मामले में गिरफ्तार एक बदमाश की लोकेशन तलाशते हुए पुलिस बीसलपुर के एक होटल तक पहुंच गई। यहां वह बैरे का काम करता मिला। उसके खिलाफ प्रेमनगर थाने में गैंगस्टर भी लगा है। एक्सीडेंट क्लेम दिलाने वाले एक वकील के कार्यालय में मुंशी भी लूट का आरोपी है। वह संजयनगर में रहने वाला है। मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज ने बदमाश को सत्यापन के लिए बुलाया था। चौकी इंचार्ज के मुताबिक जेल से छूटने के बाद उसने गलत काम नहीं किया है।
पुलिस सत्यापन के दौरान कई लूट के आरोपी मौजूदा समय में बैंक के एटीएम, होटल के बैरागीरी और वकील के मुंशी के तौर पर काम करते हुए मिले हैं। उनकी निगरानी कराने के साथ अन्य संस्थानों को स्टाफ का सत्यापन कराने के लिए लेटर लिखे जा रहे हैं।
- कुलदीप कुमार, सीओ सिटी