पति दिन भर शराब पीकर दूसरी औरतों से चैटिंग करता है, अपने कारोबार का रुपया सट्टे में गंवा रहा है। उसे जेल में डाल दो, उसकी हरकतों से मेरे बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है।’
दो बच्चों को साथ लेकर रविवार को रुहेलखंड चौकी पहुंची एक महिला ने पुलिस से पति पर कार्रवाई कराने की मांग की। चौकी इंचार्ज ने पति को हड़काकर दंपति का फैसला कराया। रुहेलखंड थाना क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी में पति और दो बच्चों के साथ रह रही महिला की शादी दस वर्ष पहले हुई थी। उसका पति महानगर में एक ट्रेवल एजेंसी का मालिक है। विवाहिता का आरोप है कि पति को शराब पीने की आदत है। वह ट्रेवल एजेंसी के अपने कारोबार पर ध्यान नहीं देता है। शराब पीकर कई-कई दिन घर में पड़ा रहता है। शराब पीने से मना करने पर वह उसे और दोनों बच्चों को मारता-पीटता है। महिला ने बताया कि वह बीते तीन माह से दोबारा पति संग रह रही है। एक साल पहले परेशान होकर उसके पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस भी दर्ज कराया था। बाद में पति ने शराब न पीने का वादा कर समझौता कर लिया। महिला ने आरोप लगाया कि पति दिन रात दूसरी औरतों के साथ व्हाट्सएप पर चैटिंग करता रहता है। चौकी इंचार्ज के सामने बुरी तरह बिलख रही महिला कहती रही कि पति की इच्छा के कारण उसने मॉडर्न कपड़े भी पहनने शुरू कर दिए पर वह दूसरी औरतों से संबंध खत्म नहीं कर रहा है। चौकी में महिला के दोनों बच्चे मां को चुपाते रहे। महिला पति को बच्चों की दुहाई देते हुए सुधर जाने की दुहाई देती रही। चौकी में मौजूद पति दूसरी महिला से संबंध के आरोप को नकारता रहा। चौकी इंचार्ज रविशंकर के हड़काने पर वह शराब न पीने का वादा करके पत्नी और बच्चों को घर लेकर चला गया।