अपने को पुलिस वाला बताकर दरवाजा खुलवाने के बाद दो घरों में घुसे बदमाश जेवर, नकदी समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामन लूट ले गए। बदमाशों ने यह वारदात घरवालों को बंधक बनाकर की और बाहर से दरवाजा बंद करके भाग गए। विरोध करने पर गृहस्वामी की पत्नी को पीटा भी। वारदात से गांव में दहशत है। सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
सीबीगंज के गांव खना गौटिया निवासी जफर मंसूरी की बंडिया गांव में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। उसके पिता शेर मोहम्मद मजदूरी करते हैं और चाचा मुन्नी अली भी राज मिस्त्री हैं। बृहस्पतिवार रात एक बजे आधा दर्जन बदमाशों ने अपने को पुलिस वाला बताकर दरवाजा खुलवाया और अंदर घुस आए। सभी बदमाश अपने मुंह पर रुमाल बांधे हुए थे। पहले बदमाश एक कमरे में गए, जहां जफर और उसका भाई फरियाद सो रहे थे। इन दोनों के बदमाशों ने दुपट्टे से हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही उनकी मां शाहिना बेगम को उठाकर इसी कमरे में ले आए और बंधक बना दिया और इसके बाद घर में लूटपाट की। बदमाशों ने यहां से तीस हजार रुपये नकद और करीब सवा लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर और कीमती कपड़े लूट लिए। बदमाश घर के दरवाजे पर कुंडी लगाने के बाद पास के ही मुन्ने अली के घर घुसे और यहां कमरे में सो रहे उसके बेटे हसन और फारुख को बंधक बना लिया। पत्नी नाजरा ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। बदमाश यहां से बीस हजार रुपये नकद और करीब 90 हजार रुपये के सोने चांदी के जेवर और कपड़े, एक मोबाइल आदि लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद घरवालों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आए। सभी को बंधनमुक्त किया। घटना से दहशत फैल गई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
भात ले जाने के लिए रखा था सामान
शेर मुहम्मद ने बताया कि गांव घुरा राघवपुर में तीन दिन बाद उसकी बहन के घर शादी है। दोनों भाइयों ने शादी में भात ले जाने के लिए सामान और नकदी रखी थी, जिसे बदमाश लूट ले गए।
पहले भी हुई थी लूटपाट
सीबीगंज क्षेत्र में इससे पहले भी लूटपाट की घटनाएं हो चुकी है, लेकिन उनका खुलासा नहीं हो पाया। करीब बीस दिन पहले क्षेत्र के गांव महेशपुरा साढे़ तीन लाख की लूट हुई थी। इससे पहले परधौली गांव के सराफ को भी बदमाशों ने लूटा था, लेकिन घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका।
फील्ड यूनिट और सर्विलांस टीम भी लगी खुलासे में
खना गौटिया में जरफ के घर हुई लूटपाट की रिपोर्ट लिख ली गई है। सीबीगंज पुलिस के साथ फील्ड यूनिट, सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया है। घर के बाहर कितने बदमाश थे, गृहस्वामी अभी तक यह नहीं बता पाए हैं। खुलासे की पूरी तरह से कोशिश की जा रही है।
समीर सौरभ, एसपी सिटी