कांधरपुर गांव स्थित डिफेंस कॉलोनी में पड़ोसी से मामूली विवाद को लेकर गोलियां तड़तड़ाने से दहशत फैल गई। जिस युवक से विवाद हुआ था, वह तो नहीं मिला विरोध करने पर उसके दोस्त को घर से खींचकर तमंचों की बटों से पीटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करके सिपाही केबेटे समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को दोपहर को ग्राम कांधरपुर के पास डिफेंस कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार उर्फ केके की किसी बात को लेकर विपिन कुमार आर्य की कहासुनी हो गई थी। उस समय तो आसपास के लोगों ने दोनों का समझाकर शांत कर दिया था। देर रात को विपिन आर्य चेत गौटिया से सिपाही के बेटे अमित यादव, ग्राम लखौरी का बंटी, बभिया के अर्जुन और चौबारी गांव के रियाज को बुला लाया। कृष्ण कुमार उस समय घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि विपिन और उसके साथियों ने केके के घर में घुसकर घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर पड़ोस में रहने वाले केके के दोस्त राहुल ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उसे घर से खींच लिया। सरेआम उसकी तमंचे की बट से सिर पर हमला कर दिया। साथ ही केके के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल का मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि विपिन और केके में मूछ की लड़ाई है। एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए टसल चल रही थी। मामले में सिपाही के बेटे समेत चारों को गिरफ्तार कर लिया है। रियाज और बंटी के पास से तमंचा बरामद किया गया है। विपिन की तलाश कराई जा रही है, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।