ओवरलोड ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर ट्राली पलट गया। इसमें 14 यात्री नीचे दब गए। ट्राली में 40 यात्री सवार थे। इनमें से भी अधिकांश को चोटें आईं। दस की हालत गंभीर होने पर उनको 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायलों की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ट्रैक्टर ट्राली पर सवार यात्री भांजे की शादी में भात लेकर जा रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव फुंदननगर में कासिम के बेटे की शादी थी। कैंट इलाके के गांव बुखारा से रफीक और अल्ताफ अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर ट्राली से फुंदननगर में भांजे की शादी में भात लेकर आ रहे थे। इसमें करीब 40 लोग सवार थे। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे प्रकाश टाकीज के पास सामने से आ रहे हबीबी ट्रेडर्स के ओवरलोड ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में ट्राली पलट गई। 14 यात्री इसके नीचे दब गए। बाकी इधर-उधर कूद गए। दुघर्टना में बुंदन का 10 साल का बेटा अनम ,न्याज अहमद का बेटा नाजिम, राशिद की 40 वर्षीय पत्नी साबरी, शहादत हुसेन की लडकी नियाज बी, रफीक का लड़का चमन, छोटे की बेटी नत्थो, अनवरी बेगम (50), अनवर का 15 साल का बेटा नाजिश, निसार अहमद की पत्नी गुडडी गंभीर रुप से घायल हो गए। बाकी को भी चोटें आईं। कोतवाल ब्रजराज सिंह, चेयरमैन आबिद अली आदि ने 108 एंबुलेंस और प्राईवेट वाहनों से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। बाकी यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई।