ईंट पजाया चौराहा पर खान टिंबर हाउस की दीवार ढहने से नगर निगम कर्मचारी शिवमूर्ति कांत की मौत के सात दिन बाद भी टिंबर हाउस मालिक की गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा पदाधिकारियों की अगुवाई में परिवारवाले एसपी सिटी समीर सौरभ से मिले। परिजनों का आरोप था कि दबाव के बाद पुलिस ने टिंबर मालिक नाजिम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। वह खुलेआम घूम रहा है।
होली से एक दिन पहले दीवार ढहने से शिवमूर्ति की दबकर मौत हुई थी। आक्रोशित लोगों र्ने इंट पजाया चौराहा पर शव रखकर जाम लगाया था। एसपी सिटी समीर सौरभ, एसपी ट्रैफिक ओपी यादव सहित प्रशासकीय अधिकारी पहुंचे थे। टिंबर हाउस को सील करने के बाद नाजिम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी सिटी ने इंस्पेक्टर बारादारी राजेश सिंह को गिरफ्तारी का निर्देश दिया था।
25 लाख मुआवजा मिले, नाजिम का कब्जा हटे
भारतीय जनता पार्टी महानगर के अध्यक्ष उमेश कठेरिया की अगुवाई में पदाधिकारी डीएम से मिले और मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपये दिलवाने की मांग रखी। उनके साथ मोहित कपूर, प्रभुदयाल, संदीप अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी थे। उन्होंने मांग रखी कि टिंबर हाउस के मालिक नाजिम ने नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर गोदाम बना रखा है, उसे मुक्त कराया जाए।