नेशनल हाइवे पर बाइक सवार दो लुटेरों ने असलहों के बल शनिवार दोपहर बरेली आ रहे मिलक के कारोबारी के दो बेटों से दस लाख 87 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार कर गिरा दिया और दोनों भाइयों की लात घूंसों से पिटाई भी की। दिनदहाडे़ हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही, इसलिए लूट कर भागने वाले लुटेरों को पकड़ा नहीं जा सका। काफी जद्दोजहद के बाद मीरगंज क्षेत्र में घटनास्थल पाए जाने पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पड़ोसी जनपद रामपुर के कस्बा मिलक के मोहल्ला अब्दुल्लागंज निवासी अनिल गुप्ता घी तेल और चीनी के थोक कारोबारी हैं। अनिल गुप्ता मीरगंज ब्लाक प्रमुख और सपा नेता राजीव गुप्ता के रिश्तेदार भी हैं। उनका कारोबारी मिलक से मीरगंज, बरेली तक फैला है। कारोबारी अनिल गुप्ता ने शनिवार को अपने बेटे अमित गुप्ता उर्फ सोनू और करन को बरेली के शहामतगंज स्थित रामजी की आढ़त पर दस लाख 87 हजार रुपये का भुगतान लेकर भेजा था। यह रकम उन्होंने पिट्ठू बैग में रखकर पीठ पर टांग ली थी। इसकी भनक लगने पर मिलक के गांव क्योरारा से बाइक सवार दो लुटेरे स्कूटी सवार दोनों भाइयों के पीछे लग गए। दोपहर सवा एक बजे नेशनल हाइवे पर स्थित भाखड़ा पुल के पास पहुंचते ही लुटेरों ने ओवरटेक कर स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया और स्कूटी डगमगाते ही लुटेरों ने अमित और सोनू को जोरदार धक्का दिया। जिससे वह सड़क पर गिर गए और लुटेरों ने उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग लूट लिया। जब दोनों भाइयों ने विरोध किया तो लुटेरों ने उनकी लात घूंसों से पिटाई भी कर दी और बैग लूटकर बरेली की तरफ भाग निकले। लुटेरों की पिटाई से करन के घुटनों, हाथों में गहरी चोटें आई हैं। अमित को भी हल्की चोटें लगीं। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराकर अमित की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बीस से 25 की बीच की उम्र के हैं लुटेरों
दोनों भाइयों ने बताया कि दोनों लुटेरे 20 से 25 वर्ष उम्र के हैं। दोनों जींस पहने हुए थे। थाने पहुंचे दोनों भाइयों से पुलिस ने पूरी घटना की जानकारी ली। साथ ही सीओ मनोज पांडेय, एसओ बच्चू सिंह यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस, लुटेरे निकल लिए
फतेहगंज पश्चिमी और मीरगंज थानों का बार्डर होने की वजह से काफी देर तक पुलिस सीमा विवाद में भी उलझी रही। पुलिस की ढिलाई की वजह से ही लुटेरे भाग निकले। एसपी देहात यमुना प्रसाद ने भी मौका मुआयना कर वारदात के जल्द खुलासे के अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। सीओ के नेतृत्व में मीरगंज पुलिस की टीम मिलक-रामपुर क्षेत्र में घंटों कांबिंग करती रही। लुटेरों की धरपकड़ के लिए मीरगंज के अलावा फतेहगंज पश्चिमी, शाही-तीन थानों की पुलिस को भी लगाया गया है।